Ranchi News: नामकुम थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। खरसीदाग ओपी क्षेत्र के बेड़े टोली जंगल के पास चार युवकों ने एक युवक और उसकी महिला रिश्तेदार को कथित तौर पर हथियार दिखाकर लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक समेत अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित राम मुंडा के अनुसार, वह अपनी महिला रिश्तेदार के साथ पल्सर बाइक से तुंबू जा रहे थे। रास्ते में दोनों शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया।
मारपीट कर हथियार के बल पर लूट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने राम मुंडा का आईफोन, महिला का मोबाइल फोन, नकदी और पल्सर बाइक अपने कब्जे में ले ली और वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने खरसीदाग ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों से सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।