Kolhan University Admission News: कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 के सेमेस्टर-1 में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए नामांकन की तारीख बढ़ा दी है. इससे चांसलर पोर्टल के जरिए पहले आवेदन कर चुके विद्यार्थियों को एडमिशन का एक और मौका मिला है. विश्वविद्यालय ने यह फैसला झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देशों के आधार पर लिया है. इसके तहत संबंधित कॉलेजों में खाली सीटों पर 5 सितंबर तक नामांकन लिया जा सकेगा.
विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि विद्यार्थियों का नामांकन उसी विषय में किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने चांसलर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था. यानी विद्यार्थी आवेदन किए गए विषय को बदलकर किसी दूसरे विषय में एडमिशन नहीं ले सकेंगे.
कॉलेजों को सीटों के समायोजन की छूट
विश्वविद्यालय ने कॉलेजों के प्राचार्यों को विषयवार खाली सीटों की स्थिति देखने का निर्देश दिया है. जरूरत के अनुसार विषयों की सीटों का समायोजन किया जा सकता है. हालांकि, इसके लिए झारखंड सरकार की ओर से तय कुल वार्षिक इनटेक की सीमा को बनाए रखना जरूरी होगा.
कॉलेजों को अपने नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर देनी होगी जानकारी
नामांकन से जुड़ी सूचना विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने के लिए सभी कॉलेजों को अपने नोटिस बोर्ड पर इसकी जानकारी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही कॉलेजों की वेबसाइट पर भी अधिसूचना जारी करनी होगी, ताकि पहले आवेदन कर चुके विद्यार्थी समय सीमा के भीतर अपना नामांकन पूरा कर सकें.
यह मौका उन्हीं विद्यार्थियों के लिए है, जिन्होंने पहले चांसलर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया है. खाली सीटों पर नामांकन की अंतिम तारीख 5 सितंबर है.