Jamtara News: चौकीदार की सीधी भर्ती को लेकर लंबे समय से रुकी नियुक्ति प्रक्रिया अब आगे बढ़ेगी। सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला चौकीदार नियुक्ति समिति की बैठक हुई। इसमें विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चल रही भर्ती प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में चौकीदार भर्ती परीक्षा के जारी परिणाम और मेधा सूची की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा का रिजल्ट और सफल अभ्यर्थियों की मेधा सूची पहले ही जारी की जा चुकी है। अब चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
कोर्ट केस के कारण रुकी थी प्रक्रिया
चौकीदार नियुक्ति से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
वेबसाइट और अखबार में जारी होगी सूचना
उपायुक्त ने सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन को लेकर सूचना स्थानीय समाचार पत्रों के साथ जिले की आधिकारिक वेबसाइट Jamtara.nic.in पर प्रकाशित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मेधा सूची के आधार पर बिट निर्धारण सहित नियुक्ति से जुड़ी अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को भी जल्द पूरा करने को कहा गया है।
बैठक में एसपी शम्भू कुमार सिंह, डीडीसी असीम किस्पोट्टा, आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, एसडीओ अनंत कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।