Jamshedpur News: जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में नदियों के जलस्तर को लेकर निगरानी जारी है। 31 अगस्त की सुबह 8 बजे जारी बाढ़ सेल की रिपोर्ट के अनुसार खरकई नदी आदित्यपुर ब्रिज के पास खतरे के निशान से 0.03 मीटर ऊपर बह रही है। हालांकि नदी का जलस्तर घटने का ट्रेंड दर्ज किया गया है, जिससे तत्काल राहत के संकेत मिल रहे हैं।
आदित्यपुर ब्रिज साइट पर खरकई नदी का जलस्तर 129.03 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां खतरे का स्तर 129.00 मीटर निर्धारित है। रिपोर्ट में जलस्तर का ट्रेंड Falling (घटता हुआ) बताया गया है।
खरकई नदी के गंजिया बैराज के 8 गेट खुले
रिपोर्ट के अनुसार खरकई नदी के गंजिया बैराज पर 8 गेट पूरी तरह खुले हैं। यहां नदी में करीब 1186.54 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है। वहीं खरकई डैम के दो गेट खुले हैं और वहां से 55.18 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।
खरकई डैम का वर्तमान जलस्तर 311.80 मीटर दर्ज किया गया है। यहां भी जलस्तर का ट्रेंड Rising (बढ़ता हुआ) बताया गया है।
स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी बढ़ा
स्वर्णरेखा नदी के एक्स-चांडिल डैम पर वर्तमान जलस्तर 179.19 मीटर दर्ज किया गया है। यहां नदी में 729.66 क्यूमेक्स और नहर में 14.91 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज दर्ज हुआ। कुल डिस्चार्ज 744.57 क्यूमेक्स रहा।
वहीं मानगो ब्रिज साइट पर स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 119.70 मीटर दर्ज किया गया है। यहां जलस्तर का ट्रेंड घटता हुआ है।
गालूडीह बैराज से 1633 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज
स्वर्णरेखा नदी के गालूडीह बैराज पर वर्तमान जलस्तर 92.40 मीटर दर्ज किया गया है। यहां से नदी में 1633.36 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार बैराज के 6 स्लूइस गेट खुले हैं।
बाढ़ सेल की रिपोर्ट में बताया गया है कि सभी प्रमुख जलाशयों और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है, ताकि जलस्तर में होने वाले बदलाव के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।