Ranchi Crime News: रांची के बरियातू इलाके के मंडा बगीचा में रविवार देर रात गोली चलने से एक युवक घायल हो गया. गोली टोनी लोहरा के पेट में लगी है. गंभीर हालत में टोनी को रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. सदर डीएसपी ने घटना की पुष्टि की है.
पार्टी के दौरान हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि रविवार रात मंडा बगीचा में कुछ युवक पार्टी के लिए जमा हुए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्टी में शराब पीने की भी बात सामने आई है. रात करीब दो बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. फायरिंग की आवाज से वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. कुछ युवक मौके से भागने लगे. स्थानीय लोगों का कहना है कि इनमें कई युवक नशे की हालत में थे.
खून से लथपथ मिला घायल युवक
गोली चलने के बाद टोनी लोहरा घायल अवस्था में मौके पर पड़ा मिला. उसके पेट से खून निकल रहा था. वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे वाहन से अस्पताल पहुंचाया. बाद में घायल युवक की पहचान टोनी लोहरा के रूप में हुई. प्रारंभिक जांच में पार्टी के दौरान विवाद के बाद गोली चलने की बात सामने आई है. हालांकि, गोली किसने चलाई और विवाद की असली वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं है.
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
बरियातू पुलिस को घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. सदर डीएसपी संजीव बेसरा और बरियातू थाना प्रभारी ने घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई. सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि फायरिंग में एक युवक घायल हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पार्टी में विवाद किस बात को लेकर हुआ था और गोली चलाने वाला कौन था. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी तस्वीर साफ हो सकेगी.