Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-30

Dhanbad News: धनबाद के गोधर में कुछ घंटों के अंतराल में दो जगह भू-धंसान, सड़क 35 फीट नीचे धंसी, जहरीली गैस के रिसाव से दहशत

Dhanbad: धनबाद के कुसुंडा क्षेत्र का गोधर छह नंबर इलाका एक बार फिर भू-धंसान की चपेट में आ गया है. शनिवार को यहां और हवा चानक के पास कुछ ही घंटों के अंतराल में जमीन धंसने की दो घटनाएं हुईं. पहली घटना सुबह करीब 6 बजे गोधर छह नंबर बीसीसीएल कॉलोनी में हुई. जमीन धंसने से कई आवासों को नुकसान पहुंचा और सड़क भी बैठ गई. इसके बाद करीब 11:30 बजे हवा चानक के पास कॉलोनी की मुख्य पीसीसी सड़क अचानक धंस गई. करीब सात मीटर के दायरे में सड़क लगभग 35 फीट नीचे चली गई. जमीन धंसने के बाद वहां से गैस का तेज रिसाव भी शुरू हो गया.

कई साल से खतरे में है इलाका
गोधर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर केंदुआडीह पहले से ही भू-धंसान और गैस रिसाव की समस्या से प्रभावित है. आसपास के इलाकों में भी लंबे समय से ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं. विशेषज्ञों की रिपोर्ट में गोधर समेत इस क्षेत्र को बेहद खतरनाक बताया गया है. हाल में केंदुआडीह में हुई घटना के बाद विशेषज्ञों से इलाके का अध्ययन भी कराया गया था.

प्रबंधन ने लोगों से बेलगड़िया जाने को कहा
एनजीकेसी गोधर के प्रोजेक्ट ऑफिसर दिलीप कुमार के अनुसार, गोधर छह नंबर का क्षेत्र आग और भू-धंसान के कारण असुरक्षित हो चुका है. यहां कई वर्षों से हर साल जमीन धंसने की घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों से जल्द से जल्द बेलगड़िया के सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने की अपील की. फिलहाल दोनों घटनास्थलों को घेर दिया गया है. प्रबंधन के मुताबिक, धंसी हुई जमीन को बाद में मिट्टी और बालू से भरने का काम किया जाएगा.

ढाई महीने में चौथी घटना
गोधर छह नंबर में करीब ढाई महीने के भीतर जमीन धंसने या गोफ बनने की यह चौथी घटना है. शनिवार को हुई दोनों घटनाएं बंद खदान के तीन नंबर सीम क्षेत्र में हुईं. अब तक हुई इन घटनाओं की एक और गंभीर बात यह है कि सभी स्थान धनबाद रेल मंडल की डीसी यानी धनबाद-चंद्रपुरा रेलवे लाइन से करीब 200 मीटर की दूरी पर हैं. स्थानीय क्षेत्र पिछले 8 से 10 वर्षों से लगातार भू-धंसान की समस्या झेल रहा है.

कॉलोनी में करीब 200 घर, कई परिवार अब भी इंतजार में
गोधर छह नंबर बीसीसीएल कॉलोनी में करीब 200 घर हैं. लगभग 25 दिन पहले कॉलोनी के बीच जमीन धंसने के बाद बीसीसीएल ने पांच परिवारों को बेलगड़िया में शिफ्ट किया था. हालांकि, कई परिवार अभी भी सुरक्षित स्थान पर जाने की उम्मीद में वहीं रहने को मजबूर हैं. इनमें मनोज पासवान, मनोज कुमार पासवान, अमर कुमार पासवान, दिलीप पासवान, जान बाई, विपिन पासवान, सनोज पासवान, छोटू पासवान, रोहित पासवान, जयराम, मुकेश वर्मा, वाल्मीकि पासवान, पवन पासवान और रामा पासवान शामिल हैं. कॉलोनी निवासी रामा पासवान का कहना है कि बीसीसीएल के अधिकारी लगातार बेलगड़िया में शिफ्ट करने की बात कर रहे हैं, लेकिन वहां रहने के लिए आवास नहीं दिया जा रहा है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !