Jamshedpur News: जमशेदपुर में केरल समाजम की ओर से ओणम पर्व को उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया. इस दौरान संस्था की ओर से शहरवासियों को ओणम की शुभकामनाएं दी गईं. केरल समाजम ने लोगों के सुख, समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और पारिवारिक खुशहाली की कामना की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया.
प्रेम और भाईचारे का संदेश
केरल समाजम के पदाधिकारियों ने कहा कि ओणम सिर्फ एक पर्व नहीं है. यह प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला त्योहार है. ओणम के जरिए लोग भगवान महाबली के स्वागत की परंपरा को याद करते हैं. साथ ही यह पर्व केरल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से लोगों को जोड़ता है.

ओणसद्या का लोगों ने उठाया आनंद
उत्सव के दौरान पारंपरिक ओणसद्या का भी आयोजन किया गया. इसमें लोगों ने मिलकर पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया. पूरे कार्यक्रम में उत्सव का माहौल देखने को मिला. लोगों ने एक-दूसरे को ओणम की शुभकामनाएं दीं और खुशहाली की कामना की.
ओणम समारोह के तहत पूकलम मत्सरम यानी फूल सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की गई. प्रतिभागियों ने अलग-अलग रंगों और फूलों से आकर्षक पूकलम तैयार किए. इस दौरान लोगों की रचनात्मकता और पारंपरिक कला की खूबसूरत झलक देखने को मिली.
सांस्कृतिक विरासत से जोड़ता है ओणम
केरल समाजम के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सिर्फ त्योहार मनाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है. उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारा और एकता को मजबूत करने का काम करते हैं. ओणम के मौके पर सभी ने मिलकर शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.