Dhanbad News: निरसा थाना क्षेत्र के कंचनडीह स्थित रिद्धि-सिद्धि स्पंज आयरन फैक्ट्री में शनिवार देर रात आयरन पिघलाने के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा रात करीब एक बजे फैक्ट्री की शीशिया यूनिट में हुआ। बॉयलर से निकले गर्म पदार्थ के छींटे पड़ने से मजदूर के दोनों हाथ झुलस गए।
घायल की पहचान गोविंदपुर निवासी धीरज सिंह के रूप में हुई है। हादसे में उसका दाहिना हाथ ज्यादा प्रभावित हुआ है। घटना के बाद साथी मजदूरों ने तत्काल उसे इलाज के लिए गोविंदपुर स्थित ओमसाईं अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
आयरन पिघलाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रात के समय शीशिया यूनिट में आयरन पिघलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान बॉयलर से अचानक गर्म छींटा निकला और धीरज सिंह के शरीर पर जा गिरा। गर्म पदार्थ के संपर्क में आने से उसके दोनों हाथ झुलस गए।
घटना के बाद कुछ देर के लिए फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, साथी मजदूरों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
आठ साल से फैक्ट्री में कर रहा काम
धीरज सिंह के अनुसार, वह पिछले आठ वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहा है। उसने बताया कि इस दौरान पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई थी। उसके मुताबिक, आयरन पिघलाने के दौरान अचानक बॉयलर से गर्म छींटा निकलने के कारण हादसा हुआ।
धीरज ने कहा कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाता है और मजदूरों को जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। वहीं, कंपनी मालिक की ओर से घायल मजदूर के इलाज का खर्च उठाने और क्षतिपूर्ति देने का आश्वासन दिया गया है।