Jamshedpur News: डुमरी विधायक जयराम महतो के समर्थन में अब पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां भी खुलकर सामने आ गए हैं. भाजपा नेता दुलाल भुइयां ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ अपने व्यवहार में सुधार लाने की सलाह दी. दुलाल भुइयां ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस को आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक तरीके से पेश आना चाहिए.
पुलिस एसोसिएशन की भूमिका पर सवाल
दुलाल भुइयां ने झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से अलग-अलग मामलों में की जाने वाली बयानबाजी पर भी सवाल खड़ा किया. उन्होंने कहा कि किसी घटना को लेकर जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देने के बजाय पूरे मामले को समझना जरूरी है.
उन्होंने पुलिस एसोसिएशन के सामने सवाल रखते हुए कहा कि क्या वह लिखित रूप से यह भरोसा दिला सकता है कि भविष्य में पुलिसकर्मियों की ओर से आम जनता के साथ गाली-गलौज या किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा.
झारखंड आंदोलन का जिक्र कर पुलिस को घेरा
पूर्व मंत्री ने झारखंड आंदोलन के दौर का जिक्र करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि आंदोलन के समय झारखंडी और आंदोलनकारी पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुके हैं. दुलाल भुइयां के मुताबिक, उस दौर में आंदोलनकारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया था. उन्होंने कहा कि पुलिस को अपने अतीत से सबक लेते हुए वर्तमान लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए.
दुलाल भुइयां ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज और जनप्रतिनिधियों का सम्मान बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में आम लोगों के सम्मान से समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने पुलिस-प्रशासन से अपने व्यवहार और कार्यशैली पर गंभीरता से विचार करने की अपील की. साथ ही कहा कि कानून लागू करने के साथ पुलिस की जिम्मेदारी जनता के बीच भरोसा बनाए रखना भी है.