Ranchi: रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बिरयानी दुकान में अचानक आग लग गई. आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दुकान से धुआं उठता देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. खबर मिलते ही लोअर बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. समय रहते आग को रोक लिए जाने से बड़ा हादसा होने से टल गया.
कढ़ाई से तेल गिरने के बाद भड़की आग
लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल दुकान पर भेजा गया था. आग बुझाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया गया. इसके बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के अनुसार, आग रसोई में काम के दौरान लगी. बताया जा रहा है कि कढ़ाई में तेल काफी गर्म हो गया था. इसी दौरान खौलता तेल असंतुलित होकर जमीन पर गिर गया. जमीन पर तेल गिरते ही आग भड़क उठी. कुछ ही देर में दुकान के अंदर धुआं फैलने लगा. इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है. किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं मिली है. दुकान में रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका अभी सही आकलन किया जा रहा है.