Ranchi News: MMDR संशोधन को लेकर झारखंड में सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आरोपों पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विरोध राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के खनिज अधिकार, राजस्व और आदिवासी हितों की रक्षा के लिए है.
MMDR संशोधन को लेकर कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब
केशव महतो कमलेश ने कहा कि अगर MMDR संशोधन झारखंड के हित में है, तो भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि इससे राज्य के खनिज और राजस्व अधिकारों पर क्या असर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने वाले किसी भी प्रावधान का कांग्रेस विरोध करेगी.
उन्होंने कहा भाजपा कांग्रेस को मुद्दाविहीन बताने वाले आरोप को भी खारिज किया. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बेरोजगारी, छात्रों का भविष्य, विस्थापन, आदिवासी अधिकार और खनिज संपदा जैसे मुद्दे सीधे झारखंड की जनता से जुड़े हैं.
कोयला चोरी के आरोपों पर केंद्र से पूछा सवाल
आदित्य साहू के कोयला और खनिज चोरी के आरोपों पर केशव महतो कमलेश ने भाजपा से सवाल किया कि अवैध खनन और कोयला तस्करी रोकने की जिम्मेदारी किसकी है. उन्होंने कहा कि केंद्र के पास कोयला मंत्रालय समेत कई केंद्रीय एजेंसियां और सुरक्षा बल हैं, ऐसे में केवल राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है.
उन्होंने कहा कि यदि बड़े पैमाने पर कोयला चोरी हो रही है तो केंद्र सरकार ने इसे रोकने के लिए अब तक क्या कार्रवाई की, इसका जवाब भी जनता के सामने आना चाहिए.
BCCL को लेकर भाजपा से मांगे दस्तावेज
BCCL की स्थिति और कोयला चोरी को लेकर भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस अध्यक्ष ने सबूत और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास कोयला चोरी से जुड़े ठोस तथ्य हैं, तो उन्हें सामने रखना चाहिए. केशव महतो कमलेश ने कहा कि केवल राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर अवैध खनन और खनिज तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए.
"खनिज संपदा आने वाली पीढ़ियों की भी संपत्ति"
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा केवल सरकारी राजस्व का स्रोत नहीं है. इसका संबंध राज्य के लोगों, आदिवासी समुदायों और आने वाली पीढ़ियों के हितों से भी है. उन्होंने कहा कि MMDR संशोधन से यदि राज्य के राजस्व या अधिकार प्रभावित होते हैं, तो कांग्रेस उसका विरोध जारी रखेगी.
उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन और राज्य निर्माण के इतिहास को लेकर कांग्रेस को किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि राज्य के निर्माण में विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं की भूमिका जनता के सामने स्पष्ट है.
जिला स्तर तक जारी रहेगा कांग्रेस का आंदोलन
केशव महतो कमलेश ने कहा कि MMDR संशोधन के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है. जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन इसी अभियान का हिस्सा हैं. उन्होंने आदित्य साहू से तीन प्रमुख सवालों का जवाब मांगा कि MMDR संशोधन से झारखंड को क्या लाभ होगा, राज्य के राजस्व पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा और खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकार कैसे सुरक्षित रहेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी झारखंड के खनिज अधिकारों और राजस्व की रक्षा के मुद्दे को आगे भी जनता के बीच उठाती रहेगी और इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी.