India Post GDS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग ने भर्ती का रास्ता खोल दिया है. विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक यानी GDS Recruitment 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके जरिए देशभर के अलग-अलग डाकघरों में नियुक्ति की जाएगी. भर्ती में Branch Postmaster यानी BPM, Assistant Branch Postmaster यानी ABPM और डाक सेवक के पद शामिल हैं. उम्मीदवारों को आवेदन के लिए भारतीय डाक विभाग के GDS भर्ती पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा.
पहले OTR, फिर भरना होगा आवेदन फॉर्म
इस भर्ती के लिए सबसे पहले One Time Registration यानी OTR करना होगा. OTR की शुरुआत 31 अगस्त 2026 से होगी. उम्मीदवार 19 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. ऑनलाइन आवेदन का लिंक 2 सितंबर 2026 से सक्रिय होगा. फॉर्म जमा करने और निर्धारित शुल्क देने की अंतिम समय सीमा 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे है.
दो दिन खुलेगी करेक्शन विंडो
फॉर्म भरते समय किसी जानकारी में गलती हो जाए तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. विभाग उम्मीदवारों को आवेदन सुधारने का अवसर देगा. करेक्शन विंडो 23 और 24 सितंबर 2026 को खुलेगी. दोनों दिन शाम 5 बजे तक जरूरी बदलाव किए जा सकेंगे.
एक उम्मीदवार का एक ही रजिस्ट्रेशन मान्य
डाक विभाग ने रजिस्ट्रेशन को लेकर भी जरूरी नियम बताया है. एक उम्मीदवार सिर्फ एक रजिस्ट्रेशन कर सकता है. एक से ज्यादा या डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन अथवा आवेदन मिलने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है. ऐसे उम्मीदवारों पर GDS Rules, 2020 के तहत कार्रवाई भी संभव है. आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता या अन्य दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड नहीं करने होंगे. हालांकि, उम्मीदवार की हाल की फोटो और हस्ताक्षर तय फॉर्मेट में अपलोड करना जरूरी होगा. फॉर्म जमा करने से पहले नाम, पता और दूसरी सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है.
ये तारीखें रखें याद
- OTR रजिस्ट्रेशन: 31 अगस्त से 19 सितंबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान: 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026
- आवेदन में सुधार: 23 और 24 सितंबर 2026
- हर प्रक्रिया की अंतिम समय सीमा: शाम 5 बजे
कुल कितने पदों पर भर्ती होगी और अलग-अलग डाक सर्किल में कितनी सीटें हैं, इसकी जानकारी नोटिफिकेशन के Annexure-I में दी गई है. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन पढ़ लेना चाहिए. साथ ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य सभी शर्तों को समझने के बाद ही फॉर्म भरने की सलाह दी गई है.