Garhwa Crime News: गढ़वा जिले में जमीन के विवाद को लेकर रिश्ते के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, करीब चार एकड़ जमीन पर कब्जे की नीयत से एक महिला और उसके बेटे ने मिलकर अपने रिश्ते के चाचा की हत्या कर दी. आरोप है कि हत्या के बाद शव को मकई के खेत में फेंक दिया गया. पुलिस ने घटना के करीब 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया.
मकई के खेत में मिला शव
मृतक की पहचान राजेंद्र यादव के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान मकई के खेत से राजेंद्र यादव का शव बरामद किया गया.
शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई.
4 एकड़ जमीन की लालच में दिया गया वारदात को अंजाम
गढ़वा एसडीपीओ दिल्लु लोहार के मुताबिक, हत्या के पीछे जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, राजेंद्र यादव की करीब चार एकड़ जमीन थी. उनकी दो बेटियां भी हैं. आरोप है कि इसी जमीन को हासिल करने के लिए उनकी भाभी मिला देवी और भतीजे मुन्नू यादव ने हत्या की साजिश रची.
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. पूछताछ और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.