Jamshedpur News: आदित्यपुर में विशाल गोराई पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक देशी कट्टा और एक गोली भी बरामद की है.
दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार पांडे और बजरंगी कुमार महतो के रूप में हुई है. विक्की पांडे गम्हरिया स्टेशन रोड के साईं नगर का रहने वाला है. वहीं, बजरंगी महतो चौका थाना क्षेत्र के खूंटी गांव का निवासी बताया गया है.
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात विशाल गोराई अपना होटल बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान भीतरी पुलिया के पास उन पर फायरिंग की गई. आरोप है कि विक्की पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर विशाल को निशाना बनाया. गोली विशाल की कमर के पास लगी थी. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी.
जांच के दौरान देशी कट्टा और गोली बरामद
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद विक्की पांडे और बजरंगी महतो को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक गोली बरामद की गई.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं. पुलिस इन नामों का सत्यापन कर रही है. साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.