Jamshedpur Congress: झारखंड कांग्रेस 27 अगस्त को केंद्र सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने की तैयारी में है. पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय के सामने बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. यह AICC और PCC के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है. धरने के बाद राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा. पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने प्रेस वार्ता कर आंदोलन की जानकारी दी. उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों, छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी इसमें शामिल होने की अपील की.
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
बन्ना गुप्ता ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दिए जाने वाले चढ़ावे को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मंदिर में बड़ी मात्रा में नकद राशि, सोना, चांदी और दूसरी कीमती चीजें चढ़ाई जाती हैं. कांग्रेस का आरोप है कि इन संपत्तियों के प्रबंधन और हिसाब-किताब में पारदर्शिता की जरूरत है.
बन्ना गुप्ता ने कहा कि SIT की शुरुआती जांच में करीब 70 संदिग्ध घटनाओं का जिक्र सामने आया है. उन्होंने करीब 7 से 7.5 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि का भी दावा किया. कांग्रेस ने मंदिर के चढ़ावे का पूरा सार्वजनिक ऑडिट कराने की मांग की है. पार्टी चाहती है कि नकद राशि, बैंक में जमा रकम और खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए. इसके साथ ही 200 किलो चांदी की ईंटों और सोने-चांदी के आभूषणों की पूरी सूची जारी करने की मांग की गई है. CCTV फुटेज की स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच कराने की मांग भी कांग्रेस ने रखी है.
MMDR Bill को लेकर झारखंड के अधिकारों का मुद्दा
धरने में दूसरा बड़ा मुद्दा MMDR संशोधन विधेयक 2026 होगा. बन्ना गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित बदलाव झारखंड के खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों को प्रभावित कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड के पास देश की बड़ी खनिज संपदा है. लेकिन खनन का खामियाजा यहां के लोगों को विस्थापन और प्रदूषण के रूप में भुगतना पड़ता है. रोजगार का मुद्दा भी आज तक पूरी तरह हल नहीं हुआ है. बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े फैसलों में झारखंड के हितों को सबसे ऊपर रखा जाना चाहिए.
कांग्रेस की केंद्र सरकार से 5 मांगें
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं. पहली मांग है कि झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य का अधिकार सुरक्षित रहे. दूसरी, जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए. तीसरी, खनिजों से मिलने वाली आय में झारखंड को उचित हिस्सा दिया जाए. चौथी, राज्यों की स्वायत्तता और देश के संघीय ढांचे का सम्मान किया जाए. पांचवीं, झारखंड के हितों को लेकर सभी दलों के साथ बातचीत की जाए.
27 अगस्त को जुटेंगे कांग्रेसी
कांग्रेस ने 27 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि इन मुद्दों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड के अधिकारों और आम लोगों के हित से जुड़े सवालों पर कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने की अपील की है.