Chandil Accident News: सरायकेला-खरसावां जिले में NH-33 पर मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. पाटा टोल प्लाजा के पास हुए इस हादसे में उसका भाई भी घायल हुआ है. दोनों भाई जमशेदपुर से दवा लेकर अपने गांव लौट रहे थे.
पीछे से हाइवा ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान सहरबेड़ा निवासी निमाई महतो के रूप में हुई है. बाइक उनके भाई नागेश्वर महतो चला रहे थे. जानकारी के अनुसार, दोनों भाई जमशेदपुर से जरूरी दवाइयां लेकर बाइक से घर लौट रहे थे. पाटा टोल प्लाजा पार करने के बाद वे चांडिल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे हाइवा ने बाइक में टक्कर मार दी.

हादसे में एक की मौत
टक्कर लगने के बाद नागेश्वर महतो बाइक से सड़क किनारे जा गिरे. वहीं, पीछे बैठे निमाई महतो हाइवा की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. दोनों को इलाज के लिए चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने निमाई महतो को मृत घोषित कर दिया. नागेश्वर महतो का प्राथमिक उपचार किया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. हादसे के बाद कुछ समय तक NH-33 पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही. घटना की खबर मिलने के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया. पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.