Jharkhand Education News: झारखंड सरकार छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने जा रही है. मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी. कोचिंग के दौरान छात्रों को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता भी मिलेगी. इस योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर मौका देना है.
इन परीक्षाओं की कर सकेंगे तैयारी
योजना के तहत इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. इसके अलावा छात्र CLAT, मास कम्युनिकेशन, फैशन डिजाइनिंग, होटल मैनेजमेंट और CA/ICWA जैसी परीक्षाओं के लिए भी कोचिंग ले सकेंगे.
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
योजना में शामिल होने के लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन Eklavya Prashikshan Yojna Portal और Mobile App के माध्यम से किया जाएगा. सबसे पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके लिए मोबाइल नंबर, ई-मेल और जरूरी व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी. रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
10वीं के नंबर से बनेगी मेरिट
आवेदन करते समय छात्रों को अपनी शैक्षणिक जानकारी देनी होगी. उन्हें यह भी बताना होगा कि वे किस परीक्षा या कोर्स की तैयारी करना चाहते हैं. इसके साथ 10वीं की मार्कशीट या प्रमाणपत्र और वैध आय प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा. जरूरत के अनुसार दूसरे दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं. आवेदनों के आधार पर 10वीं बोर्ड में मिले अंकों से मेरिट लिस्ट या पैनल तैयार किया जाएगा. चयनित छात्रों को योजना से जुड़े सूचीबद्ध कोचिंग संस्थानों में दाखिला लेना होगा.
कोचिंग में दाखिले के बाद फिर करना होगा आवेदन
कोचिंग संस्थान में दाखिला मिलने के बाद छात्रों को पोर्टल पर दोबारा लॉगिन करना होगा. यहां उन्हें अपने कोचिंग संस्थान का नाम चुनना होगा. इसके बाद बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अपलोड करनी होगी. आवेदन की जांच के बाद इसे अंतिम सत्यापन के लिए संबंधित कोचिंग संस्थान को भेजा जाएगा.
75 प्रतिशत हाजिरी जरूरी
हर महीने मिलने वाली 2500 रुपये की सहायता राशि DBT के जरिए बैंक खाते में भेजी जाएगी. इसका लाभ लेने के लिए कोचिंग में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी होगी. यानी सिर्फ कोचिंग में चयन होना पर्याप्त नहीं होगा. छात्रों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित भी रहना होगा.
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
छात्रों को आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता जरूर जांचनी चाहिए. मोबाइल नंबर, ई-मेल, शैक्षणिक जानकारी और बैंक खाते की जानकारी सही भरना जरूरी होगा. आवेदन की तारीख और अन्य जरूरी जानकारी सरकार की ओर से आधिकारिक पोर्टल पर जारी की जाएगी. इसलिए छात्रों को आवेदन करने से पहले पोर्टल पर दिए गए सभी निर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है.