Simdega: सिमडेगा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव के बाद मृत शिशु को छिपाकर दफनाने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला की उम्र 40 वर्ष बताई गई है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर के आंगन से दफन किया गया मृत शिशु बरामद किया है.
आंगन की खुदाई में मिला मृत शिशु
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला से पूछताछ के बाद उसके घर में तलाशी ली गई. आंगन की खुदाई करने पर वहां दफन मृत शिशु मिला. मौके से एक कुदाल भी बरामद की गई है. एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि मामले की जानकारी 22 अगस्त को सामने आई थी. उसी दिन नाबालिग की मां ने सदर अस्पताल में पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया था.
जड़ी-बूटी की दवा देने का आरोप
नाबालिग की मां ने पुलिस को बताया कि उसे करीब 10 दिन पहले बेटी के गर्भवती होने की जानकारी मिली थी. पूछताछ में एक नाबालिग लड़के ने भी किशोरी के गर्भवती होने की बात स्वीकार की थी. आरोप है कि लड़के की मां दोनों की शादी कराने की बात कह रही थी. नाबालिग की मां के मुताबिक, 19 अगस्त को खेत से लौटने के बाद बेटी ने उसे पूरी घटना बताई. किशोरी ने बताया कि लड़के की मां ने कथित तौर पर गर्भपात कराने के लिए उसे जड़ी-बूटी की दवा दी थी. उसे किसी को इस बारे में बताने से भी मना किया गया था.
करीब छह माह का मृत शिशु हुआ था पैदा
इसके बाद किशोरी ने करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म दिया. आरोप है कि लड़के की मां शिशु को अपने साथ ले गई और परिवार या पुलिस को जानकारी दिए बिना अपने घर के आंगन में उसे दफना दिया. बाद में नाबालिग की तबीयत बिगड़ गई. परिजनों ने 22 अगस्त को उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
BNS और POCSO एक्ट में मामला दर्ज
नाबालिग की मां के बयान पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 21/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले में BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की है. एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया. रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.