Jharkhand News: पश्चिमी सिंहभूम के गुवा के रहने वाले प्रवासी मजदूर अनुज बड़ाइक की हैदराबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई. 40 वर्षीय अनुज की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. इलाज के दौरान 23 अगस्त 2026 को उन्होंने दम तोड़ दिया.
एक साल से हैदराबाद में कर रहे थे काम
अनुज गुवा के जाटा हाटिंग के रहने वाले थे. वे करीब एक साल से हैदराबाद के मदीनागोड्डा स्थित केसर होम में ठेका मजदूर के रूप में काम कर रहे थे. वे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए तेलंगाना गए थे. उनका सपना था कि बच्चों को बेहतर भविष्य मिल सके.
पत्नी और बच्चों को भी ले गए थे साथ
जानकारी के अनुसार अनुज करीब तीन महीने पहले अपने गांव गुवा आए थे. इसके बाद वे पत्नी और अपने दो छोटे बच्चों को भी हैदराबाद ले गए थे. परिवार के साथ रहकर वे वहीं काम कर रहे थे. इसी बीच उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई.
लीवर में संक्रमण की बात सामने आई
परिजनों के मुताबिक अनुज की हालत लगातार बिगड़ती गई. डॉक्टरों ने उनके लीवर में गंभीर समस्या की बात बताई थी. हैदराबाद में इलाज के दौरान 23 अगस्त को उनकी मौत हो गई. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी.
परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग
अनुज की मौत की खबर गुवा पहुंचते ही जाटा हाटिंग और आसपास के इलाके में शोक फैल गया. अनुज अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिवार को जल्द आर्थिक मदद देने की मांग की है.