Current News: उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन और पथराव जैसी घटनाओं के दौरान पुलिस की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी है। योगी सरकार ने पुलिस के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण उपकरण खरीदने का फैसला किया है। इसके तहत PVC लाठी, हेलमेट और शील्ड समेत अन्य सामान की खरीद की जाएगी।
30-30 हजार लाठी, हेलमेट और शील्ड की खरीद
जानकारी के अनुसार यूपी पुलिस 30 हजार PVC लाठी, 30 हजार हेलमेट और 30 हजार PVC शील्ड खरीदेगी। यानी इन तीनों उपकरणों की कुल संख्या 90 हजार होगी।
एक PVC लाठी की अनुमानित कीमत 500 रुपये रखी गई है, जबकि प्रत्येक हेलमेट की कीमत करीब 2,600 रुपये और PVC शील्ड की कीमत लगभग 4,000 रुपये बताई गई है। खरीद के बाद इन उपकरणों को अलग-अलग स्थानों पर पहुंचाने की जिम्मेदारी पुलिस की लॉजिस्टिक शाखा को दी जाएगी।
पुलिसकर्मियों के लिए बैलिस्टिक शील्ड भी खरीदी जाएगी
हिंसक घटनाओं के दौरान पथराव और अन्य हमलों से पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट से बचाने के लिए 500 बैलिस्टिक शील्ड खरीदने की भी योजना है। एक बैलिस्टिक शील्ड की अनुमानित कीमत 49,500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों को चेतावनी देने और पुलिस की ओर से जरूरी निर्देश पहुंचाने के लिए 1,500 लाउड हेलर भी खरीदे जाएंगे। प्रत्येक लाउड हेलर की अनुमानित कीमत 5,000 रुपये बताई गई है।
डीजीपी मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सरकार की इस कवायद को हिंसक प्रदर्शनों के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा बढ़ाने और भीड़ नियंत्रण की क्षमता मजबूत करने से जोड़कर देखा जा रहा है।