Nagpur Gas Leak: नागपुर के गोधनी इलाके में सोमवार तड़के क्लोरीन गैस लीक होने से अफरा-तफरी मच गई. गैस फैलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. बताया जा रहा है कि गैस लीक गोधनी के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से हुई. यह प्लांट गोधनी नगर पंचायत की ओर से संचालित किया जाता है.
गैस की चपेट में आए करीब 40 लोग
गैस लीक के बाद करीब 40 लोगों की तबीयत बिगड़ गई. इनमें प्लांट में काम करने वाले 8 से 10 कर्मचारी भी शामिल हैं. इसके अलावा आसपास रहने वाले करीब 20 से 25 लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हुई. सभी प्रभावित लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इनमें 5 से 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है.
इलाके में मची अफरा-तफरी
क्लोरीन गैस फैलने की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बन गया. एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राहत और बचाव का काम शुरू किया.
गैस लीक की वजह पता लगाने में जुटी टीम
प्रशासन की टीम गैस लीक होने की वजह का पता लगाने में जुटी है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि गैस का असर आसपास के दूसरे इलाकों तक तो नहीं पहुंचा है.
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर स्थिति पर नजर रख रही हैं. लोगों से भी एहतियात बरतने की अपील की गई है.