Ranchi News: रांची में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। चयन प्रक्रिया में सफल उम्मीदवारों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन 24 अगस्त से शुरू होगा, जो 12 सितंबर 2026 तक चलेगा। दस्तावेजों की जांच केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, धुर्वा में की जाएगी। सभी उम्मीदवारों को सुबह 10 बजे निर्धारित स्थान पर पहुंचना होगा।
प्रखंडवार तय की गई दस्तावेज सत्यापन की तारीख
विभाग ने प्रखंडवार दस्तावेज सत्यापन की अलग-अलग तारीखें तय की हैं। 24 अगस्त को कांके और मांडर, 25 अगस्त को लापुंग और बुढ़मू, 27 अगस्त को चान्हो और तमाड़, 29 अगस्त को रातू, बेड़ो और खलारी के उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच होगी। इसके बाद 31 अगस्त को नामकुम, 1 सितंबर को अनगड़ा, 2 सितंबर को सिल्ली, 3 सितंबर को नगड़ी और 5 सितंबर को इटकी प्रखंड के उम्मीदवारों को सत्यापन के लिए बुलाया गया है।
वहीं 7 सितंबर को राहे और बुंडू, 8 सितंबर को सोनाहातु, 9 सितंबर को तमाड़ तथा 10 सितंबर को ओरमांझी के उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। 11 सितंबर को शहरी गैर-तकनीकी पुरुष और 12 सितंबर को शहरी गैर-तकनीकी महिला उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
मूल दस्तावेज और चार फोटो साथ लाना जरूरी
सफल उम्मीदवारों को सत्यापन के दिन अपने सभी जरूरी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। इसके अलावा चार पासपोर्ट साइज फोटो भी रखना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को केवल निर्धारित तारीख और समय पर ही दस्तावेज सत्यापन का मौका मिलेगा।
जो उम्मीदवार तय तारीख पर दस्तावेजों की जांच के लिए उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा और उनकी उम्मीदवारी समाप्त कर दी जाएगी। जांच के दौरान किसी अभ्यर्थी के दस्तावेज फर्जी या गलत पाए जाने पर भी उसकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान संबंधित प्रखंड के अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
दस्तावेज जांच के बाद मेडिकल और चरित्र सत्यापन
दस्तावेज सत्यापन में सफल उम्मीदवारों को इसके बाद चरित्र सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके लिए फॉर्म "अ" और "ग" भरना आवश्यक होगा। सभी चरणों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को बेसिक ट्रेनिंग के लिए झारखंड गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय, रांची भेजा जाएगा।