Ranchi Crime News: राजधानी रांची के तुपुदाना इलाके में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है. हटिया के गणेश मोहल्ला स्थित एक घर को चोरों ने निशाना बनाया. बताया गया कि चोर घर की चारदीवारी पार कर अंदर घुसे थे. इसके बाद कमरों के ताले तोड़े और अलमारी व लॉकर से सामान निकाल लिया. चोर घर से नकदी, मोबाइल, घड़ियां और करीब 2.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने ले गए.
पूजा में गया था परिवार
घटना 20 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है. पीड़ित सागर कुमार सोनी के अनुसार, उनकी मां पड़ोस में पूजा कार्यक्रम में गई थीं. घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोर अंदर घुस गए. उन्होंने कमरों के ताले तोड़े और अलमारी व लॉकर की तलाशी ली. इसके बाद कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गए.
नकदी और मोबाइल भी ले गए
चोरी के दौरान घर से 10 हजार रुपये नकद भी गायब मिले. चोर एक आईफोन समेत दो मोबाइल फोन ले गए. इसके अलावा रियलमी और टाइटन की घड़ियां भी चोरी हुई हैं. घर में रखे करीब 2.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी चोर ले गए. परिवार के वापस लौटने पर घर के अंदर सामान बिखरा मिला. इसके बाद चोरी की जानकारी हुई.
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद सागर कुमार सोनी ने तुपुदाना थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की मदद से चोरों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस चोरी से जुड़े अन्य सुराग भी जुटा रही है.