Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-22

Jamshedpur News: छात्रों पर कथित मारपीट को लेकर भाजपा का हमला, विद्युत वरण महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

Jamshedpur News: छात्रों और युवाओं के आंदोलन के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में हुई कथित मारपीट और पुलिस कार्रवाई को लेकर भाजपा ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के लिए लाठी-डंडे और राजनीतिक संरक्षण का सहारा लेना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।


सांसद ने आरोप लगाया कि रांची, हजारीबाग, गिरिडीह समेत कई जिलों में रोजगार, परीक्षा में पारदर्शिता और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले युवाओं पर कार्रवाई करना उचित नहीं है।


छात्रों से भिड़ने वालों की हो निष्पक्ष जांच

विद्युत महतो ने सवाल उठाया कि अलग-अलग जिलों में एक ही समय छात्रों के साथ हिंसा की घटनाएं सामने आना महज संयोग है या इसके पीछे कोई सुनियोजित रणनीति है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन की भूमिका की भी जांच की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग कोई विशेष सुविधा हासिल करने की नहीं है। वे भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, नियुक्तियों में निष्पक्षता और कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई चाहते हैं। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध को अपराध नहीं माना जा सकता।

भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा

सांसद ने कहा कि राज्य की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में सरकार को आंदोलन कर रहे युवाओं से संवाद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दमन और पुलिस कार्रवाई से युवाओं के सवाल खत्म नहीं होंगे, बल्कि सरकार की कार्यप्रणाली पर संदेह और बढ़ेगा।

उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में कथित धांधली, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच कराने की मांग दोहराई और कहा कि जांच निष्पक्ष एजेंसी से होनी चाहिए।

झामुमो कार्यकर्ताओं पर लगाए गंभीर आरोप

विद्युत महतो ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा लेकर छात्रों के साथ मारपीट की और उन्हें बेसबॉल बैट, हॉकी तथा लाठी जैसे सामानों से धमकाया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों पर कार्रवाई के पीछे राजनीतिक संरक्षण की भूमिका की जांच होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों।


कांग्रेस नेतृत्व से भी मांगा जवाब, सीबीआई जांच की मांग दोहराई

भाजपा सांसद ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि देशभर में युवाओं और छात्रों के अधिकारों की बात करने वाले कांग्रेस नेता झारखंड में छात्रों से जुड़े मामलों पर चुप क्यों हैं। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से झारखंड के युवाओं के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

विद्युत महतो ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के साथ हुई हिंसा की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में राजनीतिक नेताओं से लेकर अधिकारियों तक की भूमिका की भी पड़ताल होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता सामने आ सके और दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो।

उन्होंने सरकार से दमन की नीति छोड़कर छात्रों से बातचीत करने और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की। सांसद ने कहा कि भाजपा युवाओं के रोजगार, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। प्रेस वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला प्रभारी बबन गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी मौजूद रहे।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !