Jamshedpur News: जमशेदपुर में श्रावण मास की चौथी सोमवारी पर 24 अगस्त को जंबू अखाड़ा की ओर से पंचम भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी. इस यात्रा में 5001 महिला श्रद्धालु शामिल होंगी. सभी महिलाएं स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर जंबू अखाड़ा स्थित बाबा लिंगेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक करेंगी.
सुबह 7 बजे मंदिर परिसर पहुंचेंगी महिलाएं
जंबू अखाड़ा के संरक्षक बंटी सिंह ने प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों से महिलाएं बसों के जरिए सुबह 7 बजे मंदिर परिसर पहुंचेंगी. जमशेदपुर के कई क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की व्यवस्था की गई है.
स्वर्णरेखा घाट से उठेगी जल यात्रा
मंदिर परिसर में महिलाओं को कलश, पुष्प और बेलपत्र दिए जाएंगे. इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को बसों से स्वर्णरेखा नदी के तट पर ले जाया जाएगा. वहां महिलाएं जल भरकर संकल्प लेंगी और फिर जलाभिषेक यात्रा शुरू होगी. यात्रा मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर, एमजीएम अस्पताल, बाराद्वारी, अपेक्स अस्पताल और कुम्हारपाड़ा होते हुए वापस भालूबासा स्थित मंदिर पहुंचेगी.

झांकी और भजनों से सजेगी यात्रा
जलाभिषेक यात्रा में डंका बाजा, सिंग बाजा, अनाउंसिंग वाहन और डीजे वाहन शामिल रहेंगे. एक झांकी वाहन में भगवान शिव के अर्धनारीश्वर स्वरूप, भगवान राम द्वारा रामेश्वरम में पूजा और भस्म आरती की प्रस्तुति दिखाई जाएगी. इसके अलावा अलग वाहन में जमशेदपुर की भजन गायिका श्रद्धालुओं के लिए भजनों की प्रस्तुति देंगी.
जलाभिषेक के बाद प्रसाद की व्यवस्था
मंदिर पहुंचने के बाद सभी महिलाएं बाबा लिंगेश्वरनाथ महादेव को जल अर्पित करेंगी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटी ने जलाभिषेक के लिए अरघा की व्यवस्था की है. जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार, फलाहार और पैकिंग प्रसाद की व्यवस्था रहेगी. साथ ही शुद्ध पेयजल, शरबत और चाय भी उपलब्ध कराई जाएगी.
सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था
आयोजन के दौरान प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टर जेके शर्मा मौजूद रहेंगे. यात्रा में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र भी साथ रहेंगे. कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है.
प्रेस वार्ता में संरक्षक बंटी सिंह, लाइसेंसी रणबीर मंडल, अध्यक्ष बृज किशोर, अभिजीत घोष, गौतम धर, संजय गुप्ता, संजय हजारी, जगजीत सिंह सोनू, गोविंद सिंह चंदेल, विपुल पांडे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.