Jharkhand News: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झारखंड के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में तीन दिनों तक खेल और फिटनेस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 28 से 30 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान का नाम खेलेगा भारत, जीतेगा भारत रखा गया है। स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी जिलों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ना और उनमें फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके तहत अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों के लिए उनकी क्षमता के अनुसार खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
पहले दिन योग, पीटी और मार्शल आर्ट से होगी शुरुआत
28 अगस्त को कार्यक्रम की शुरुआत शपथ और विभिन्न फिटनेस गतिविधियों के साथ होगी। स्कूलों में योग, पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इसके अलावा खेल और स्वास्थ्य से जुड़े स्लोगन, निबंध समेत अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
मेजर ध्यानचंद को दी जाएगी श्रद्धांजलि
29 अगस्त, यानी राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी जाएगी। विद्यार्थियों को उनके जीवन और खेल के महत्व की जानकारी दी जाएगी। इस दिन मार्च पास्ट के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम और लूडो जैसी प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।
वहीं, कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए 100 और 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस होंगे। कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए 400 और 800 मीटर दौड़ के अलावा फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
30 अगस्त को होगी साइकिल रैली, छुट्टी के दिन भी खुलेंगे स्कूल
30 अगस्त को Sundays on Cycle अभियान के तहत साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसके साथ छात्र-शिक्षक मैत्री खेलों का भी आयोजन होगा। इनमें रस्साकशी, क्रिकेट, फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। विभाग ने स्कूलों को खेल सामग्री, पेयजल, प्राथमिक उपचार और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। कार्यक्रम के तहत 28 और 30 अगस्त को अवकाश होने के बावजूद स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुले रहेंगे। इन कार्यक्रमों में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को नियमानुसार क्षतिपूरक अवकाश दिया जाएगा।