Hazaribagh News: हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती ने जिले के राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी जनवितरण प्रणाली (PDS) केंद्र से निर्धारित खाद्यान्न का उठाव करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों को PDS के माध्यम से चावल, गेहूं, नमक और चना दाल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
राशन के बदले किसी तरह का भुगतान नहीं करें
उपायुक्त ने कहा कि राशन वितरण के एवज में यदि कोई जनवितरण प्रणाली विक्रेता (डीलर) लाभुकों से पैसे की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष में की जा सकती है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर संबंधित डीलर के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने राशन कार्डधारियों से कहा कि खाद्यान्न लेने के लिए किसी भी तरह की अनधिकृत राशि का भुगतान न करें। यदि कोई डीलर पैसे मांगता है, तो लाभुक जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 8002529349 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
धोती-साड़ी के लिए निर्धारित है 10 रुपये की राशि
जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव ने बताया कि सोना सोबरन योजना के तहत धोती-साड़ी का वितरण सरकार द्वारा निर्धारित 10 रुपये की दर पर किया जाता है। हालांकि, PDS के तहत मिलने वाले चावल, गेहूं, नमक और चना दाल के लिए लाभुकों से किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जानी है। प्रशासन ने राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों को लेकर जागरूक रहें और राशन वितरण में किसी तरह की अनियमितता होने पर तुरंत शिकायत करें।