Chatra News: चतरा शहर के न्यू परिसदन भवन के पास स्थित चांदनी रेस्टोरेंट में शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को यहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों, चार युवकों और रेस्टोरेंट मालिक के बेटे समेत कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी को पूछताछ के लिए सदर थाना ले जाया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसपी अनिमेष नैथानी को रेस्टोरेंट में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सूचना का सत्यापन कराने के बाद एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चांदनी रेस्टोरेंट में अचानक छापेमारी की।
अचानक पहुंची पुलिस तो मची अफरा-तफरी
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया। इसके साथ ही रेस्टोरेंट मालिक के बेटे को भी पूछताछ के लिए सदर थाना लाया गया।
फिलहाल पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रेस्टोरेंट में किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य भी जुटा रही है।
होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने पुष्टि की कि पांच युवतियों, चार युवकों और रेस्टोरेंट मालिक के बेटे को हिरासत में लेकर सदर थाना लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
एसडीपीओ ने कहा कि जिस्मफरोशी जैसे अनैतिक धंधे में संलिप्त पाए जाने वाले होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने ऐसे गतिविधियों में शामिल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज समेत कई पुलिस पदाधिकारी और महिला-पुरुष जवान शामिल थे।