Jamshedpur News: जमशेदपुर के डिमना स्थित हिल व्यू कॉलोनी में पिछले 22 दिनों से पेयजल का संकट बना हुआ है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि जल आपूर्ति शुरू होने के बावजूद जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है. इसके साथ ही इलाके में नियमित फॉगिंग न होने के कारण मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ गया है, जिससे लोग परेशान हैं.
लोगों ने सौरभ विष्णु से की मुलाकात
समस्या को लेकर कॉलोनी के लोगों ने जन विकास मंच के अध्यक्ष और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु से मुलाकात की. लोगों ने पानी और फॉगिंग की समस्या जल्द दूर कराने की मांग रखी.
सौरभ विष्णु ने कहा कि कॉलोनी में करीब एक साल पहले फॉगिंग कराई गई थी. इसके बाद दोबारा फॉगिंग नहीं होने से मच्छरों की समस्या बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय घर से बाहर बैठना भी मुश्किल हो गया है.
समस्याओं के समाधान हेतु विकास समिति का हुआ गठन
बैठक के बाद स्थानीय लोगों की सहमति से हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति का गठन किया गया. सौरभ विष्णु को समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से कॉलोनी की समस्याओं को प्रशासन के सामने उठाया जाएगा.
प्रशासन से समाधान की मांग
सौरभ विष्णु ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पानी की समस्या दूर करने और नियमित फॉगिंग कराने की मांग की. फिलहाल जिला प्रशासन, स्थानीय विधायक और मानगो नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.