Adityapur: औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई और सड़क व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. मोहित उद्योग के सामने मुख्य सड़क पर जगह-जगह कचरे का ढेर लगा है. नालियों की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
महीनों से नहीं हुई नालियों की सफाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके की नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है. कचरा और गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है. सड़क पर गंदा पानी और कचरा जमा रहने से पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी होती है. इसी रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में कामगार औद्योगिक इकाइयों में काम करने पहुंचते हैं.
बारिश में बढ़ जाता है हादसे का खतरा
बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है. सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है. वहीं गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास काम करने वाले लोगों को भी परेशानी होती है.
शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क और नाली की समस्या को लेकर संबंधित प्रबंधन के साथ जियाडा के अधिकारियों को भी कई बार जानकारी दी गई है. इसके बावजूद अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है. लोगों ने मांग की है कि कचरे की सफाई, नालियों की नियमित सफाई और सड़क के गड्ढों की मरम्मत जल्द कराई जाए. उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो यहां गंभीर हादसा हो सकता है.