Bodam: बोड़ाम प्रखंड के भूला मोड़ और बारियादा इलाके में बुधवार को तीन संदिग्ध युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. आरोप है कि तीनों अलग-अलग दुकानों में जाकर दुकानदारों को बातचीत में उलझा रहे थे और बाद में उनसे पैसे मांग रहे थे. लगातार कई दुकानों में एक जैसी हरकत होने से दुकानदारों को शक हुआ. उन्होंने एक-दूसरे से जानकारी साझा की. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को पकड़ लिया गया.
ग्रामीणों ने की युवकों की पिटाई
तीनों के पकड़े जाने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई. आक्रोशित लोगों ने युवकों की पिटाई कर दी. इसके बाद उन्हें बोड़ाम थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. थाना प्रभारी नीरज कुमार की देखरेख में पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस उनकी पहचान और इलाके में आने के मकसद की जानकारी जुटा रही है.
पहले हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले बारियादा की एक मोबाइल दुकान और बोड़ाम की ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटनाएं हुई थीं. इन घटनाओं के बाद दुकानदार पहले से ही सतर्क थे. बुधवार को तीन युवकों की संदिग्ध गतिविधि सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है.