Bihar News: बिहार के कटिहार के अमदाबाद थाना क्षेत्र में बंगाल सीमा के पास बहरसाल दियारा में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किया गया. घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है. दोनों महिलाएं मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं.
चारा लेने गई थीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिशचंद्रपुर की रहने वाली चंद्रिका मंडल और रुम्पा मंडल बहरसाल दियारा पहुंची थीं. दोनों महिलाएं यहां अक्सर घास काटने आती थीं. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने दोनों पर हमला कर दिया. हमले में चंद्रिका मंडल की मौत हो गई. वहीं रुम्पा मंडल गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें इलाज के लिए मालदा ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. चंद्रिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
बिहार-बंगाल पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिहार और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. हमले की वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाया जा रहा है. घटना के बाद दोनों महिलाओं के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि, इसकी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है.