Seraikela Accident News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम तेज रफ्तार सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. वहीं बाइक पर सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर बाघरायसाई गांव के पास एक तीखे मोड़ पर हुआ.
जानकारी के अनुसार, पोटका थाना क्षेत्र के चारडीहा गांव के चार युवक एक ही मोटरसाइकिल से राजनगर बाजार आए थे. शाम को बाजार से वापस अपने गांव लौटने के दौरान बाघरायसाई के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल भेजने की व्यवस्था की. 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने करीब 25 वर्षीय आकाश पात्रो को मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
हादसे में टीका राम सरदार, भोला सरदार और हीरा गोप गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.
बताया जा रहा है कि तीनों घायलों के पैरों के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं. डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं.
राजनगर थाना पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक का पता लगाने में जुटी है.