Jamshedpur: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने मंगलवार रात रंगेहाथ पकड़ लिया. आरोपी की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम के रूप में हुई है. पकड़ने के बाद उसे एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
मरीजों और परिजनों को बनाता था निशाना
आरोप है कि युवक अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के मोबाइल, पर्स और अन्य सामान पर नजर रखता था. अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी उसकी गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस को आशंका है कि पिछले एक महीने के दौरान अस्पताल परिसर में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका हो सकती है. पुलिस अब इन मामलों को आरोपी से जोड़कर जांच कर रही है.
पांचवें तल्ले पर चोरी करते पकड़ा गया
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर अस्पताल के दूसरे तल्ले पर एक मरीज के परिजन से 150 रुपये चोरी होने की घटना सामने आई थी. इसी दिन रात करीब 10 बजे पांचवें तल्ले पर एक मरीज के परिजन फर्श पर सो रहे थे. इसी दौरान आरोपी उनकी जेब काटने का प्रयास कर रहा था. सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ते ही उसे पकड़ लिया गया. बताया गया कि आरोपी ने ब्लेड से जेब काटने की कोशिश की थी. संबंधित व्यक्ति ने सोने से पहले अपना मोबाइल और पर्स मरीज के बेड पर रख दिया था. इस वजह से उसका कीमती सामान चोरी होने से बच गया. बाद में उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी.
ब्लेड, नकद और गांजा बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 150 रुपये नकद, चिलम, गांजा और एक ब्लेड बरामद किया है. आरोप है कि वह ब्लेड की मदद से लोगों की जेब काटकर पर्स और अन्य सामान निकालता था.
पुरानी चोरी की घटनाओं की भी जांच
फिलहाल एमजीएम थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि परिसर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में आरोपी की संभावित भूमिका का पता लगाया जा सके.