Deoghar News: जसीडीह थाना क्षेत्र में फर्जी GST अधिकारी बनकर 40.50 लाख रुपये की लूट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। देवघर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, नकदी, मोबाइल, लैपटॉप और पुलिस से जुड़े फर्जी सामान बरामद किए गए हैं।
घटना 8 अगस्त को टाभाघाट-दर्दमारा मुख्य सड़क पर हुई थी। पीड़ित विक्रम चौधरी ने जसीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन रोक लिया और खुद को GST अधिकारी बताते हुए उन्हें और उनके कर्मचारी को अपने कब्जे में ले लिया।
रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हुए थे आरोपी
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ितों के पास मौजूद रुपयों से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया और 40 लाख 50 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने छापेमारी कर कुमोद पोद्दार, संजय कुमार सिंह, शिव शंकर कुमार, घनश्याम यादव और विनोद प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी बिहार के जमुई और बांका जिले के रहने वाले हैं।
स्कॉर्पियो, नकदी और फर्जी पुलिस सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, दो मोबाइल फोन, दो प्लास्टिक के पुलिस डंडे, पुलिस लिखा लाल-नीले रंग का बोर्ड, 4.30 लाख रुपये नकद, पीड़ित का क्षतिग्रस्त Dell लैपटॉप और एक अन्य मोबाइल फोन बरामद किया है। जांच के दौरान शिव शंकर कुमार के मोबाइल फोन से घटनास्थल से लेकर पीड़ितों को छोड़े जाने वाले स्थान तक का रास्ता दिखाने वाला मैप भी पुलिस को मिला है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वारदात में शामिल दूसरे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।