Ranchi News: रांची में NHM कर्मियों के लिए EPF को लेकर बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है. अब 15 हजार रुपये से ज्यादा मानदेय पाने वाले कर्मचारियों को भी EPF के दायरे में लाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा. इससे राज्य के 11 हजार से अधिक NHM कर्मियों को लाभ मिलने की संभावना है. मंगलवार को NHM सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई. अधिकारियों ने बताया कि अभी 15 हजार रुपये से कम मानदेय पाने वाले NHM कर्मियों को EPF की सुविधा मिल रही है. 15 हजार रुपये से अधिक मानदेय वाले कर्मचारी फिलहाल इसके दायरे से बाहर हैं.
15 हजार रुपये की सीमा में बदलाव का प्रस्ताव
अपर मुख्य सचिव ने मौजूदा 15 हजार रुपये की सीमा को आधार बनाकर नई व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है. प्रस्ताव मंजूर होने के बाद ज्यादा मानदेय पाने वाले NHM कर्मचारी भी EPF का लाभ ले सकेंगे. बैठक में NHM के 3124.75 करोड़ रुपये के बजट की भी समीक्षा की गई. इसके साथ ही ममता वाहन के भुगतान की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी पर भी चर्चा हुई. बैठक में आशा कार्यकर्ता, सहिया, सेविका और सहायिकाओं के आयुष्मान कार्ड बनाने को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया.
CHC में तंबाकू नियंत्रण और आंखों की जांच की सुविधा
स्वास्थ्य सेवाओं को गांव और प्रखंड स्तर तक मजबूत करने के लिए CHC में तंबाकू नियंत्रण केंद्र शुरू करने का फैसला लिया गया है. इसके साथ ही आंखों की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. जरूरतमंद मरीजों को जांच के बाद चश्मा भी उपलब्ध कराने की तैयारी है.
कुष्ठ रोगियों के लिए भी सुविधा बढ़ेगी
कुष्ठ रोगियों के लिए विशेष चप्पल उपलब्ध कराने की सुविधा को भी बढ़ाने की तैयारी है. दिव्यांगता प्रबंधन की सुविधा को सदर अस्पताल और CHC स्तर तक पहुंचाने की भी तैयारी है.