Jugsalai Petrol Pump: जमशेदपुर के जुगसलाई रेलवे स्टेशन के पास स्थित संकटा सिंह पेट्रोल पंप पर डीजल भराने पहुंचे एक वाहन मालिक ने गंभीर गड़बड़ी का आरोप लगाया है. मंगलवार को सौरभ भट्टाचार्य ने दावा किया कि उनकी हेक्टर प्लस कार की टंकी 60 लीटर की है, लेकिन पेट्रोल पंप पर 64 लीटर डीजल भरने का बिल दिया गया.
सौरभ के अनुसार, गाड़ी रिजर्व में भी नहीं थी. उन्होंने कहा कि टंकी में पहले से करीब 10 से 15 लीटर डीजल मौजूद था. इसके बावजूद मशीन से 64 लीटर डीजल भर दिया गया. उन्होंने बताया कि डीजल भराने का कुल बिल 6,405 रुपये बना है. उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही पंप कर्मियों से कहा था कि गाड़ी में 5,000 रुपये से अधिक का डीजल नहीं जाएगा, फिर भी फुल टैंक करने को कहा गया.
ग्राहक बोला:- मेरे पास रिकॉर्डिंग भी है
सौरभ भट्टाचार्य ने कहा कि पूरे मामले की उनके मोबाइल में रिकॉर्डिंग भी मौजूद है. उनका आरोप है कि 60 लीटर की टंकी में 64 लीटर डीजल भरना संभव नहीं है, इसलिए मामले में गड़बड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि अगर टंकी में पहले से डीजल था, तो अधिकतम 45 से 50 लीटर ही भरना चाहिए था.
पेट्रोल पंप ने दिया लिखित आश्वासन
सौरभ के मुताबिक, शिकायत के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने उन्हें लिखित आश्वासन दिया है. स्टैंप के साथ दिए गए पत्र में कहा गया है कि वाहन चलाने के बाद यदि माइलेज या किलोमीटर में कोई अंतर दिखाई देता है, तो दोबारा जानकारी दें. हालांकि, सौरभ का कहना है कि गड़बड़ी साफ नजर आ रही है और इसकी जांच होनी चाहिए.