Kharkai River Water Level: आदित्यपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण खरकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. नदी का पानी आदित्यपुर खरकई ब्रिज से महज कुछ फीट नीचे बह रहा है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से एहतियात बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
स्थानीय नागरिकों ने राम बढ़िया बस्ती, भाटिया बस्ती, राधा स्वामी, बाबा आश्रम और हरिओम नगर के निचले इलाकों को सबसे ज्यादा संवेदनशील बताया है. इन इलाकों में बाढ़ का खतरा अधिक है.
14 तारीख को ही शेल्टर होम दुरुस्त करने के निर्देश
आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त ने बताया कि एहतियात के तौर पर शेल्टर होम को दुरुस्त कराने के निर्देश 14 तारीख को ही जारी कर दिए गए थे. उन्होंने बताया कि आपात स्थिति आने पर लोगों को शेल्टर होम में रखा जाएगा. वहां लोगों के लिए सूखे भोजन की भी व्यवस्था की जाएगी.
माइकिंग और शेल्टर होम को लेकर लोगों में नाराजगी
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों में प्रशासन की तैयारियों को लेकर नाराजगी है. उनका आरोप है कि अब तक नगर निगम की ओर से माइकिंग कर लोगों को स्थिति की जानकारी नहीं दी गई है. लोगों का यह भी कहना है कि शेल्टर होम अभी पूरी तरह दुरुस्त नहीं किए गए हैं. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से समय रहते पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
खरकई नदी में तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है. साथ ही लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है.