Dhanbad Police Encounter: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. निरंकारी और कुर्मीडीह चौक के बीच हुई फायरिंग में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. घायल दोनों अपराधियों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है.
रंगदारी की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
धनबाद के SSP प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में रंगदारी वसूलने पहुंचे हैं. सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों का पीछा किया. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए.
घायल बदमाशों की हुई पहचान
पुलिस ने घायल अपराधियों की पहचान वासेपुर निवासी इरफान आलम और पुटकी निवासी नन्हे के रूप में की है. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और एक हथियार बरामद किया है. बरामद सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है.
प्रिंस खान के भाई से जुड़े मिले सुराग
पुलिस के अनुसार, घायल अपराधियों के मोबाइल की शुरुआती जांच में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के भाई गोपी खान से बातचीत के सुराग मिले हैं. अब पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
FSL टीम ने जुटाए सबूत
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही SSP प्रभात कुमार, ग्रामीण SP और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए हैं.
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. घायल बदमाशों से पूछताछ के आधार पर रंगदारी गिरोह और उसके अन्य साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.