Dhanbad News: केंदुआडीह थाना क्षेत्र में एक बार फिर जमीन धंसने और गोफ बनने की घटना सामने आई है। तेज आवाज के साथ बने गोफ से जहरीली गैस का रिसाव होने की सूचना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, केंदुआडीह पांच नंबर स्थित राजपूत बस्ती मस्जिद के पास लाल बहादुर सिंह के घर के समीप बागान में अचानक तेज आवाज हुई। इसके बाद वहां गोफ बन गया और उससे लगातार गैस का रिसाव होने लगा। घटना के बाद आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी है।
पांच महीने पहले भी धंसी थी सड़क
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब पांच महीने पहले केंदुआडीह थाना के पास मुख्य सड़क धंस गई थी। सड़क के नजदीक बने गोफ से उस समय भी जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। सुरक्षा को देखते हुए मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया गया था।
उस घटना के बाद गैस रिसाव की वैज्ञानिक जांच भी कराई गई थी। रिसाव को नियंत्रित करने के लिए नाइट्रोजन गैस की फिलिंग की गई थी। अब उसी क्षेत्र में दोबारा गैस रिसाव की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जहरीली गैस से पहले भी हो चुकी हैं मौतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी जहरीली गैस के कारण लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में दोबारा गोफ बनने और गैस रिसाव की घटना ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग
वार्ड 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा रावत ने सरकार की मौजूदा पुनर्वास नीति पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि रैयती और गैर-रैयती जमीन के लिए एक समान मुआवजा देना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि इलाके के लोग लगातार गोफ और जहरीली गैस के खतरे के बीच रह रहे हैं और सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते हैं। इसके लिए बीसीसीएल और जिला प्रशासन को लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी पुनर्वास नीति तैयार करनी होगी। कृष्णा रावत ने कहा कि यदि सरकार सुरक्षित पुनर्वास के साथ उचित मुआवजा उपलब्ध कराती है, तो स्थानीय लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए तैयार हैं। लोगों ने प्रशासन से गैस रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान करने और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।