NTA UGC NET 2026: UGC NET जून 2026 के तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने के NTA के फैसले के बाद विवाद बढ़ गया है. इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को NTA अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में परीक्षा व्यवस्था और हाल की गड़बड़ियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
NTA में सुधार पर जोर
शिक्षा मंत्री ने NTA की परीक्षा प्रक्रिया का ऑडिट कराने और सुधारों को लेकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने बताया कि हाल में NTA से 50 से ज्यादा कर्मचारियों को हटाया गया है. वहीं, 10 नए वरिष्ठ पदों पर विशेषज्ञों की नियुक्ति की जा रही है. इन पदों पर साइबर सिक्योरिटी, साइकोमेट्रिक्स और पेपर सेटिंग से जुड़े विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा.
परीक्षा प्रक्रिया में होंगे बदलाव
बैठक में परीक्षा के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए. साथ ही परीक्षा के प्रश्नपत्र और पूरी गोपनीय प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया. इसके लिए सुरक्षित कमरे, अलग इंटरनेट सिस्टम और मोबाइल समेत अन्य डिवाइस जमा कराने जैसी व्यवस्था लागू करने को कहा गया है.
NEET UG विवाद के बाद NTA पर दबाव
NEET UG 2026 को लेकर सामने आई कथित पेपर लीक की घटना के बाद NTA में बड़े बदलावों की प्रक्रिया शुरू हुई. इसके बाद दोबारा परीक्षा भी कराई गई थी. परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्रालय ने NTA के कई अधिकारियों पर कार्रवाई की.
इसके अलावा इसरो के पूर्व अध्यक्ष के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली कमेटी की सिफारिशों को भी लागू करने की दिशा में काम किया गया है. अब UGC NET की परीक्षा दोबारा कराने के फैसले के बीच NTA की परीक्षा व्यवस्था में और बदलाव की उम्मीद है.