Maharashtra CM: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई.
विकास कार्यों की दी जानकारी
मुलाकात के दौरान फडणवीस ने प्रधानमंत्री को राज्य में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और केंद्र-राज्य की संयुक्त योजनाओं की प्रगति के बारे में भी बताया. फडणवीस ने महाराष्ट्र के विकास के लिए केंद्र सरकार से लगातार सहयोग की अपील की.
पीएम मोदी का जताया आभार
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलना हमेशा प्रेरणादायक रहता है. उन्होंने विकास से जुड़े मुद्दों पर मार्गदर्शन और महाराष्ट्र को मिल रहे केंद्र के सहयोग के लिए पीएम मोदी का आभार जताया. फडणवीस ने कहा कि केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से महाराष्ट्र को विकास की दिशा में और आगे ले जाने का प्रयास जारी रहेगा.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के अलावा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की. दोनों मुलाकातों को महाराष्ट्र के विकास और केंद्र-राज्य सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.