Bihar News: बिहार के लखीसराय स्थित अशोकधाम मंदिर के पास सावन के तीसरे सोमवार को भगदड़ मच गई. हादसे में कम से कम 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
CM सम्राट चौधरी ने जताया दुख
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मौत की खबर से वे बेहद दुखी हैं. मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर और जल्द इलाज के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई.
मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.
PM मोदी ने भी जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अशोकधाम भगदड़ की घटना पर दुख जताया. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है.
संजय झा और राम कृपाल यादव ने जताया दुख
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी हादसे पर शोक जताया. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की. बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने भी घटना पर दुख जताया. उन्होंने 7 महिलाओं की मौत को बेहद दुखद बताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मची भगदड़
बताया जा रहा है कि सावन के तीसरे सोमवार को अशोकधाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इसी दौरान मंदिर के पास भगदड़ मच गई. कई श्रद्धालु भीड़ में फंसकर एक-दूसरे के नीचे दब गए. हादसे में 7 महिलाओं की मौत की जानकारी सामने आई है. फिलहाल 12 से ज्यादा घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है.