Adityapur: सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के आसंगी वार्ड नंबर 25 में सोमवार को भव्य धार्मिक आयोजन हुआ. न्यू टाइगर यूनिटी क्लब युवा कमिटी के तत्वावधान और वार्ड पार्षद उत्तरा प्रधान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
खरकई नदी से निकली कांवड़ और कलश यात्रा
सुबह आसंगी डैम स्थित खरकई नदी के जिलिंगगोड़ा घाट पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु जुटीं. महिलाओं ने विधि-विधान के साथ कलश में पवित्र जल भरा. इसके बाद श्रद्धालुओं ने कांवड़ और कलश यात्रा निकाली. यात्रा सिद्धेश्वर बाबा शिव मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया. पूरे रास्ते "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयकारे गूंजते रहे. धार्मिक माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
1000 से अधिक महिलाओं को साड़ी बांटी गई
जलाभिषेक और विशेष पूजा के बाद मंदिर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान वार्ड पार्षद उत्तरा प्रधान की ओर से 1000 से अधिक महिलाओं के बीच साड़ी का वितरण किया गया. इसके बाद मंदिर परिसर में महाभंडारे का आयोजन हुआ. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया.
कई वर्षों से हो रहा है आयोजन
वार्ड पार्षद उत्तरा प्रधान और वरिष्ठ भाजपा नेता पितोवास प्रधान ने बताया कि क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना को लेकर यह आयोजन कई वर्षों से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों का लगातार सहयोग मिलता रहा है. कार्यक्रम की व्यवस्था में पितोवास प्रधान, विनोद प्रधान, सुशील प्रधान, पंचू प्रधान, रूपन प्रधान, रोहित प्रधान, शिखर प्रधान, प्रमिला प्रधान, ज्योत्सना देवी, सुभद्रा प्रधान, ममता प्रधान और झरना प्रधान समेत समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की भूमिका रही.