Ranchi News: पिठोरिया थाना क्षेत्र के कुरकुरिया इलाके में बिजली तार चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी के चार बंडल विद्युत तार बरामद किए गए हैं। तार चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेंपो को भी पुलिस ने जब्त किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुरकुरिया इलाके में कुछ लोग बिजली के तार चोरी करने में लगे हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कौसर अंसारी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ नगड़ी थाना में वर्ष 2015, 2024 और 2025 में अलग-अलग धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया में जुट गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच भी कर रही है, ताकि तार चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके। कार्रवाई करने वाली टीम में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक रमेश कुमार और थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब बरामद तार और जब्त टेंपो के संबंध में भी आवश्यक जांच कर रही है।