Gumla: गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. कामडारा-बेड़ो मुख्य मार्ग पर बरटोली के पास बाइक और स्कूटी की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर के बाद स्कूटी सड़क से नीचे पानी भरे खेत में जा गिरी. इसी दौरान स्कूटी में आग लग गई. हादसे में स्कूटी चला रहे रोहित तोपनो की मौत हो गई. वहीं, बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
मिशन मैदान से लौट रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, गांवगाड़ा निवासी विनित बरला और अविनाश उरांव बाइक से तुरबूल चौक की तरफ जा रहे थे. दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है. वे कामडारा मिशन मैदान में खेल देखने के बाद वहां से निकले थे. इसी दौरान सामने से रोहित तोपनो स्कूटी लेकर मिशन मैदान की ओर जा रहे थे. बरटोली के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई.
खेत में गिरते ही स्कूटी में लगी आग
हादसे के बाद स्कूटी सड़क से नीचे पानी भरे खेत में जा गिरी. कुछ ही देर में उसमें आग लग गई. आग की चपेट में आने से रोहित तोपनो की जान चली गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की. रोहित जिस स्कूटी पर सवार थे, उसका नंबर JH 01 FN 1037 बताया गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद कामडारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. वहीं, घायलों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है.