Ranchi News: जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है. आंदोलन कर रहे छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है. इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने छात्रों से आंदोलन को किसी राजनीतिक दिशा में नहीं ले जाने की अपील की है. पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि छात्रों को अपने मुद्दे पर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना चाहिए.
भाजपा पर लगाया आंदोलन को भटकाने का आरोप
मनोज पांडे ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर निशाना साधने में माहिर है. उन्होंने कहा कि निशाना भाजपा लगाएगी, लेकिन इसका नुकसान छात्रों और उनके आंदोलन को उठाना पड़ेगा. मनोज पांडे ने विधानसभा घेराव के दौरान भी ऐसी ही स्थिति बनने का दावा किया.
सरकार ने बातचीत के लिए दरवाजे खुले रखे
JMM प्रवक्ता ने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं पर बातचीत के लिए तैयार है. उन्होंने छात्रों से आंदोलन खत्म करने और सरकार से बातचीत करने की अपील की. मनोज पांडे ने कहा कि छात्र हमारे ही बच्चे हैं. सरकार के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों से बातचीत के लिए सरकार 24 घंटे तैयार है. साथ ही उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने आंदोलन को किसी दूसरे मुद्दे या राजनीतिक दबाव से प्रभावित न होने दें.