Bihar News: मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड में रविवार को एक खड़ी बस में अचानक आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. बस से तेज लपटें उठने लगीं और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया. आग लगने की खबर मिलते ही बस स्टैंड में अफरा-तफरी मच गई. लोग सुरक्षित जगहों की ओर जाने लगे.
जेसीबी से डाली गई बालू
आग तेजी से फैल रही थी. इससे आसपास खड़ी दूसरी बसों में भी आग पहुंचने का खतरा था. स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और बस स्टैंड कर्मियों ने तुरंत बचाव शुरू किया. जेसीबी की मदद से जलती बस पर बालू डाली गई. वहीं, आसपास खड़े वाहनों को भी चालकों ने तुरंत वहां से हटा दिया. इससे आग को दूसरी बसों तक पहुंचने से रोकने में मदद मिली.
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है. हालांकि, आग में बस को काफी नुकसान पहुंचा है.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी. पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है. आग के कारण कुछ समय के लिए बस स्टैंड में वाहनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ.