Jamshedpur: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रामनगर केन्दूकोचा में 37 वर्षीय महिला की मौत से इलाके में मातम पसर गया. महिला ने शुक्रवार रात अपने घर में फांसी लगा ली थी. मृतका की पहचान सतना देवी के रूप में हुई है. वह वार्ड नंबर 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत थीं. वह दिव्यांग भी थीं. घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने सतना देवी को फंदे से नीचे उतारा. इसके बाद उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया. टीएमएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई
सतना देवी के पति प्रमोद कुमार ओडिशा की एक निजी कंपनी में काम करते हैं. पत्नी की मौत की जानकारी मिलने के बाद वह जमशेदपुर पहुंचे. रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हल्की बहस हुई थी. इसके बाद महिला ने यह कदम उठाया, ऐसी आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. उलीडीह पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.