Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-16

Jamshedpur Crime News: बोड़ाम में जनरल स्टोर की एस्बेस्टस की छत काटकर चोरी, नकदी समेत 1.20 लाख का सामान ले गए चोर

Jamshedpur: जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र के भादूडीह में चोरों ने एक जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए करीब 1.20 लाख रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली. वारदात टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के किनारे वन विभाग के चेकनाका के पास हुई. चोर दुकान की एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर दाखिल हुए थे. चोरी में करीब 30 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं.

दुकान संचालक महानंद महतो शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे. रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो छत का हिस्सा कटा हुआ मिला. अंदर सामान बिखरा पड़ा था. दुकान की जांच करने पर नकदी और अन्य सामान गायब मिले. इसके बाद उन्होंने तुरंत बोड़ाम पुलिस को सूचना दी.

एक साल में तीसरी बार हुई चोरी
बताया गया है कि इसी दुकान में पिछले एक साल के भीतर चोरी की यह तीसरी घटना है. लगातार हो रही वारदातों से आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर है, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है. इसके बावजूद चोरी की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

पहले भी दुकानों को बनाया जा चुका है निशाना
स्थानीय लोगों के मुताबिक, 3 अगस्त को बोड़ाम बाजार की एक आभूषण दुकान और बारियादा की मोबाइल दुकान में भी एस्बेस्टस की छत काटकर चोरी हुई थी. दोनों घटनाओं में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई थी. इन मामलों का अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और पुरानी चोरी की घटनाओं का जल्द पता लगाने की मांग की है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद बोड़ाम पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और दूसरे संभावित सुरागों की जांच कर रही है. फिलहाल चोरों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को जुटा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !